बाबा साहब के विचारों से प्रेरित समाज निर्माण का संकल्प
- By
- DP Bharti Adv.
- May-26-2026
भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत भी हैं। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने का संकल्प आज भी करोड़ों लोगों के लिए मार्गदर्शन का कार्य करता है।
ग्राम निरंजनपुर (बदायूं) में नव निर्मित डॉ. आंबेडकर पार्क में आयोजित तीन दिवसीय बाबा साहब डॉ. आंबेडकर जन्मोत्सव समारोह इसी प्रेरणा और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बना। इस भव्य आयोजन का मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन करने का अवसर प्राप्त हुआ, जहां बाबा साहब की पावन प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कृतज्ञ नमन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए बाबा साहब के संघर्षपूर्ण एवं प्रेरणादायी जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। यह बताया गया कि किस प्रकार उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाकर समाज में समानता और अधिकारों की नई चेतना जगाई। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि दृढ़ संकल्प और शिक्षा के बल पर किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है।
समारोह में उपस्थित लोगों के बीच बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने, समाज में भाईचारा बढ़ाने और शिक्षा के महत्व को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। साथ ही इस भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए सभी आयोजकों और ग्रामवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष आदरणीय श्री बादशाह सिंह जी, श्री सुरेश पाल जी, श्री ध्यान पाल सिंह जी, ठा. श्री रमेश पाल सिंह जी, श्री शिव चरन जी, श्री शिव कुमार सिंह जी, श्री प्रेम कुमार जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया।
बाबा साहब डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी समाज को एकता, समानता और न्याय का मार्ग दिखाते हैं। ऐसे आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
जय भीम | नमों बुद्धाय | जय भारत